राजस्थान के चुरू जिले के सालासर में 4 मार्च को मनाया जाएगा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का 70वां जन्मदिवस
कोटपूतली से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुँचेगें सालासर
कोटपूतली। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का 70 वाँ जन्मदिवस चुरू जिले के विश्व प्रसिद्ध श्री सालासर बालाजी धाम मे धुमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। कार्यक्रम में प्रदेश भर की 200 विधानसभाओं से कार्यकर्ता भाग लेंगे। यहां बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री का जन्मदिन 8 मार्च को है लेकिन उस दिन होली के कारण चार मार्च को उनका जन्मदिवस मनाया जाएगा, जिसमें हिस्सा लेने के लिए कोटपूतली के अलावा बानसूर, बहरोड़ व विराटनगर आदि विधानसभाओं से भी हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सालासर के लिए कूच करेगें। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर वसुंधरा राजे समर्थक मंच राजस्थान के पदाधिकारियों की बैठक प्रदेश उपाध्यक्ष पं. बृजमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। शर्मा ने बताया कि जन्मदिवस समारोह को ऐतिहासिक व अभूतपूर्व मनाये जाने के लिए पूर्व मंत्री युनुस खान व कालीचरण सर्राफ एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी समेत बड़ी संख्या में विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसदों व पूर्व सांसदों समेत जनप्रतिनिधियों ने कमान सम्भाल रखी है। साथ ही सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों से मंच के समर्पित कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेशाध्यक्ष एड. विजय भारद्वाज के निर्देश पर जन्मदिवस समारोह को भव्य रूप से मनाने के लिए जुटा हुआ है। मंच की ओर से प्रदेश महामंत्री महेश बसावतियां, शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, महामंत्री दिलीप मित्तल, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश नईवाल समेत हाई पॉवर कोर कमेटी के सदस्य, विभिन्न मोर्चो व प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष भी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए है। युवा मोर्चा प्रदेश संगठन मंत्री विकास डोई ने कार्यकर्ताओं को समर्पित निष्ठा भाव से सालासर धाम पहुँचने का आह्वान किया। डोई ने कहा कि राजस्थान का युवा राजे को तीसरी बार प्रचण्ड बहुमत से मुख्यमंत्री बनाने के लिए जुटा हुआ है। प्रदेश उपाध्यक्ष पं. बृजमोहन शर्मा ने आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि प्रदेश की प्रत्येक जाति, वर्ग, धर्म, समुदाय समेत सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थान, किसान, मजदूर, युवा, बेरोजगार, संविदाकर्मी, महिला, पिछड़ा व दलित वर्ग राजे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते उन्नति व प्रगति प्राप्त करने के लिए राजे को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए सालासर धाम पर आयोजित समारोह में अपना शक्ति प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही आलाकमान राजे को प्रदेश भाजपा की विधानसभा चुनाव के लिए कमान सौंपेगा। बैठक में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिषेक मोरीजावाला समेत बड़़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।