भिवाड़ी में सेवा भारती की ओर से सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित, परिणय सूत्र में बंधे 6 राज्यों के 20 जोड़े
भिवाड़ी। सेवा भारती समिति जिला भिवाड़ी की ओर से मंगलवार को मॉडर्न पब्लिक स्कूल अलवर बाईपास के ग्राउंड में सप्तम श्रीराम जानकी सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार व पंजाब के 8 जातियों के 20 नव दंपत्ति दांपत्य सूत्र में बंधे। सेवा भारती के नगर प्रचार प्रमुख लोकेश जिंदल ने बताया कि सर्वजातीय विवाह समारोह प्रातः 7:15 बजे प्रारम्भ हुआ और अपराह्न 3 बजे विदाई हुई। समारोह में सभी जोड़ों के लिए अलग अलग मंडप बनाये गए। इन मंडपों में राम-जानकी, शिव-पार्वती, विष्णु-लक्ष्मी, कृष्ण-रुक्मणि, लक्ष्मण-उर्मिला, भरत-मांडवी, शत्रुघ्न-श्रुतकीर्ति, पवन-अंजना, गणेश-रिद्धि सिद्धि, अर्जुन-सुभद्रा, याज्ञवल्क्य-मैत्रियी, सत्यवान-सावित्री, हरीशचंद्र-तारा, सूर्य-संध्या, चंद्रा-रोहिणी देवी, मंगल-सकीत देवी, बुध-इला देवी, बृहस्पति-तारा देवी, इंद्र-सचि देवी, कामदेव-रती देवी के स्वरुप में दुल्हा-दुल्हन ने फेरे लिए। इस समारोह में महंत नरेश गिरी महाराज का सानिध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। विशिष्ट अतिथि मनोज सोनी(अंशुल ज्वैलर्स, गणपति मॉल, भिवाड़ी), श्रवण गोयल(अखिल भारतीय उपाध्यक्ष राष्ट्रीय सेवा भारती), कार्यक्रम अध्यक्ष योगेश जैन(एम.डी. जेनिया इलैक्ट्रिक प्रा. लि.), मूलचंद सोनी(राजस्थान संगठन मंत्री सेवा भारती), अनिल शुक्ला(महिला समन्वय प्रमुख), मुख्य वक्ता महेश गोयल(जयपुर प्रांत सह मंत्री, सेवा भारती राजस्थान) थे। समारोह में 20 घोड़ियों पर बारात निकासी हुई। इसके बाद तोरण व्यवस्था रही। सभी दुल्हनों को सेवा भारती की महिला कार्यकर्ता द्वारा श्रंगार कर मंच तक ले जाया गया, जहां पर वरमाला हुई। तत्पश्चात सभी जोड़े फेरे लेने के लिए मंडप पहुंचे। 20 पंडितो ने सभी जोड़ों को 7 वचनों के साथ, आठवें वचन के रूप में बालिका भ्रूण हत्या नहीं करने की शपथ भी दिलाई। विदाई में विवाह आयोजन समिति द्वारा सभी वधुओं को नित्य उपयोगी सामान उपहार स्वरुप भेंट किया गया। मंच संचालन नितेश जिंदल, दीपक शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सेवा भारती के सभी पुरुष एवं महिला कार्यकर्ता सहित गणमान्य बन्धु भगिनी ने सेवाएं दी।