Sharad Yadav Passes Away: पूर्व केंद्रीय मंत्री व दिग्गज समाजवादी नेता शरद यादव का निधन, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने जताया शोक
नई दिल्ली। जनता दल यूनाइटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का गुरुवार रात गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। 75 वर्षीय शरद यादव काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। गुरुवार रात सांस की तकलीफ होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ घंटे बाद ही उनका निधन हो गया। उनकी बेटी ने इसकी जानकारी दी। उनकी इच्छा थी कि उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में ही हो। उनका पार्थिव शरीर दिल्ली के छतरपुर स्थित उनके निवास स्थान पर रखा जाएगा, जहां लोग उनका अंतिम दर्शन कर सकेंगे।
होशंगाबाद में हुआ था शरद यादव का जन्म
बता दें के राजनीतिक के दिग्गज खिलाड़ी रहे शरद यादव का जन्म एक जुलाई 1947 को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के गांव अखमाऊ में हुआ था। उन्होंने मध्य प्रदेश के अलावा बिहार और उत्तर प्रदेश से चुनावी राजनीति की। उनकी राजनीति का मुख्य केंद्र बिहार रहा। वह बिहार के मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र से चार बार, मध्य प्रदेश के जबलपुर से दो बार और उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक बार लोकसभा के लिए चुने गए थे। शरद यादव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के संयोजक रहे।
तेजस्वी यादव ने जताया दुख
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शरद यादव के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, मंडल मसीहा, राजद के वरिष्ठ नेता, महान समाजवादी नेता मेरे अभिभावक आदरणीय शरद यादव जी के असामयिक निधन की खबर से मर्माहत हूं। कुछ कह पाने में असमर्थ हूं। उन्होंने कहा कि माता जी और भाई शांतनु से बात हुई। दुःख की इस घड़ी में संपूर्ण समाजवादी परिवार परिजनों के साथ है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जताया शोक
दिग्गज समाजवादी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि आज शरद यादव समाजवादी नेता थे और हमेशा सर्वहारा वर्ग के कल्याण के लिए आगे रहते थे। उनके निधन से देश ने समाजवाद के पुरोधा को खो दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने शरद यादव को दी श्रद्धांजलि
शरद यादव के निधन की सूचना पाकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दुख जताया। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश की समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता, जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव जी के निधन से दुःखी हूं। उन्होंने कहा कि एक पूर्व केंद्रीय मंत्री व दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देश सेवा का कार्य कर,उन्होंने समानता की राजनीति को मज़बूत किया। उनके परिवार एवं समर्थकों को गहरी संवेदनाएं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित किया है।