नए साल में वसुंधरा राजे के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा सरकार गठन का संकल्प लें कार्यकर्ता
वसुंधरा राजे समर्थक मंच राजस्थान के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित
चुनावी वर्ष में राजे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक ले जाने में जुटेंगे कार्यकर्ता
कोटपूतली। वसुंधरा राजे समर्थक मंच राजस्थान के पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को प्रदेश उपाध्यक्ष व सेवानिवृत कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष पं. बृजमोहन शर्मा की अध्यक्षता में कस्बा स्थित मोरीजावाला धर्मशाला में आयोजित हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए पं. शर्मा ने कहा कि केन्द्रिय नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राजस्थान भाजपा की चुनावी कमान सौंपता है तो राजस्थान में आने वाले 2023 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार प्रचण्ड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नववर्ष की शुभकामनायें देते हुए वर्ष 2023 के चुनावी साल में तीसरी बार राजे सरकार बनाने का संकल्प लेने की बात कही। इसके लिए युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने गाँव-ढ़ाणियों व बुथ स्तर तक राजे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ले जाने का संकल्प लिया। प्रदेश उपाध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां के नेतृत्व में बिना प्रभाव के लोगों को पदों की बंदर बांट करने से संगठन लगातार कमजोर हुआ है। प्रभावीशाली लोगों को पार्टी से दूर करने के कारण प्रदेश भर में आयोजित हुए 9 विधानसभा उपचुनाव में भाजपा मात्र एक पर ही चुनाव जीत पाई है। एक सीट पर जमानत जप्त हुई है, वहीं एक सीट पर भाजपा तीसरे नम्बर की पार्टी बन गई है। हालात इस कदर बिगड़े है कि सरदार शहर उपचुनाव में भाजपा भारी अन्तर से चुनाव हारी है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. पूनियां की घरेलू सीट होने के बावजुद भी वे अपने समाज के मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में नहीं कर सकें। इसके बावजुद भी पूनियां अपने आप को यह प्रचालित करने में लगे है कि उनका प्रदेशाध्यक्ष कार्यकाल बढ़ाया जायेगा। राजस्थान में राजे सरकार के दो बार के कार्यकाल में जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते आज भी सभी जाति, वर्गो व समाजों में लोकप्रिय है। मंच के पदाधिकारी 200 विधानसभा क्षेत्रों के 52 हजार बुथों पर राजे सरकार की नीतियों को लेकर कार्य कर रहे है। राजे जब भी सडक़ों पर होती है तब जन सैलाब उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़ता है। जिसको देखते हुए केन्द्रिय नेतृत्व कभी भी राजे को राजस्थान की कमान सौंप सकता है। प्रदेश भर के संविदाकर्मी, राज्य कर्मचारी, सेवानिवृत कर्मचारी, किसान, मजदूर, नौजवान, बेरोजगार, आदिवासी, दलित, पिछड़ा, महिला वर्ग समेत हर वर्ग कांग्रेस सरकार से आक्रोशित है। मंच के युवा मोर्चा प्रदेश संगठन मंत्री विकास डोई ने कहा कि विधानसभा चुनाव में निश्चित तौर पर राजे के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी एवं वे तीसरी बार प्रदेश की मुख्यमंत्री के रूप में सुशोभित होगी। उन्होंने कहा कि संविदाकर्मियों को स्थाई करवाये जाने व बेरोजगार को रोजगार दिलाये जाने से प्रदेश का युवा वर्ग खुलकर राजे के पक्ष में लामबंद हो रहा है। साथ ही युवाओं को संगठित करके जमीनी स्तर पर आवाज बुलंद की जा रही है। बैठक में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, जिला प्रवक्ता सचिन शर्मा, योगेश गुर्जर, सुमित शर्मा, सोमदत्त रावत, अभिषेक शर्मा, अजय मीणा, कुलदीप शेखावत, मनोज सैनी समेत अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे।