हिमाचल में बस ड्राइवर का बेटा बना सीएम, सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ली हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री की शपथ, मुकेश अग्निहोत्री बने उपमुख्यमंत्री
Shimla. हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को रिज मैदान में आयोजित समारोह में शपथ ली है। सुक्खू हिमाचल के 15वें सीएम बने हैं। सुक्खू के अलावा मुकेश अग्निहोत्री ने भी उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा सिंह के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया तथा कांग्रेस नेतृत्व समेत मुख्यमंत्री के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। यहां बता दें कि सुखविंदर सिंह सुक्खू साधारण परिवार से आते हैं और उनके पिता बस चालक थे।
राहुल ने प्रतिभा सिंह को दी जीत की बधाई
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए हिमाचल पहुंच गए हैं। इस बीच प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने शिमला में पार्टी नेता राहुल गांधी का स्वागत करते हुए कहा कि हमने वादा किया था कि हम हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को वापस लाएंगे, जिसपर राहुल ने उन्हें बधाई दी। सुक्खू के सीएम पद की शपथ लेने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि हम हिमाचल में कांग्रेस सरकार के आने से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि अब हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी लोगों से किए वादे पूरा करना है, जिसे हम जल्द पूरा करने पर जोर देंगे।
सुक्खू की मां बोली- सेवादार है बेटा
हिमाचल प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला में अपने शपथ ग्रहण समारोह से पहले संजौली हेलीपैड पर अपनी मां संसार देवी की अगवानी की। इस दौरान मां ने कहा कि उनका बेटा एक ‘सेवादार’ है और उन्हें राज्य के लोगों की सेवा ही करनी चाहिए।
मेरा कोई गुट नहीं, विक्रमादित्य बनेगें मंत्री: सुक्खू
प्रतिभा सिंह से मुलाकात के बाद वापिस लौटे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रतिभा सिंह के गुट की उपेक्षा नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका कोई गुट नहीं है। पूरी कांग्रेस एकजुट है। विक्रमादित्य को मंत्रिमंडल में जगह दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल इस पर निर्णय लेंगे। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और विशेष रूप से प्रियंका गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं।

