नहीं रहे नेता जी : यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ली आखिरी सांस
Gurugram. समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नेताजी मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह तकबरीबन सवा आठ बजे निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे और काफी वक्त से बीमार थे। नेता जी के नाम से मशहूर मुलायम सिंह यादव गत 22 अगस्त से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। तबीयत ज़्यादा खराब होने पर उन्हें 2 अक्टूबर से लगातार लाइफ सपोर्ट सिस्टम यानी वेंटिलेटर पर रखा गया था। पिछले कई दिनों से उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई थी। रविवार 9 अक्टूबर को मुलायम सिंह की हालत बिगड़ने पर आक्सीजन का लेबल बढ़ाया गया था। इससे करीब तीन घंटे बाद उनकी स्थिति पहले की तरह हो गई थी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, उनकी हालत में लगातरा उतार-चढ़ाव हो रहा था। इसके चलते उन्हें 2 अक्टूबर से लगातार वेंटिलेटर सपोर्ट पर ही रखा गया था।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर अपने पिता के निधन की पुष्टि की है। अखिलेश यादव ने कहा ‘मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।’
यूपी के सैफई में होगा अंतिम संस्कार
जानकारी के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश के सैफई में होगा। अगले कुछ घंटों बाद उनका शव सैफई ले जाया जाएगा। सैफई में नेता जी के पार्थिव शरीर को लोगों के दर्शनार्थ रखा जाएगा।
समर्थकों में छाई शोक की लहर
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन का समाचार मिलते ही समर्थकों में शोक की लहर छा गई। गुरुग्राम में मेदांता अस्पताल के बाहर काफी लोग जमा हो गए हैं तथा शोक में डूबे हुए हैं। देश की प्रमुख हस्तियों ने नेता जी के निधन पर शोक जताया है। मुलायम सिंह के निधन पर शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अखिलेश यादव व यादव परिवार परिवार और समाजवादी पार्टी के सभी सदस्यों और उसके समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपने पीछे काम और सेवा की एक विशाल विरासत छोड़ गए हैं। हम सबको उसकी बहुत कमी खलेगी।