मुख्यमंत्री ने किया ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का शुभारंभ, प्रदेश में हर साल होंगे राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक

जयपुर, चूरू एवं सीकर जिलों में किया ‘राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक’ खेल गतिविधियों का अवलोकन
NCR Times Sports Desk. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (lChief Minister Of Rajasthan Ashok Gahlot) ने कहा कि प्रदेश सरकार संवेदनशील, पारदर्शी तथा जवाबदेह प्रशासन देने के साथ-साथ राज्य के चहुंमुखी विकास तथा आमजन के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से जुटी है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। राज्य में सरकार संसाधनों के कुशल प्रबंधन से शिक्षा, चिकित्सा, सड़क, बिजली, पानी, कृषि, रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को चूरू जिले के राजगढ़ में ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का शुभारम्भ किया। उन्होंने सीकर जिले के खोटिया, चूरू जिले के राजगढ़ तथा जयपुर जिले के चौमूं में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों की ब्लॉक स्तरीय प्रतिस्पद्र्धाओं का अवलोकन किया एवं खिलाड़ियों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया।

ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में नई खेल संस्कृति विकसित करने तथा ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की सोच के साथ यह खेल आरंभ किए गए हैं। जल्द ही शहरी ओलंपिक खेलों का आयोजन भी होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने खेल, आईटी और पंचायतीराज सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में शानदार कार्य किया। उनके नाम से शुरू किए गए ग्रामीण ओलंपिक खेलों में हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। प्रदेश में हर साल इन खेलों का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान में किया जा रहा यह प्रयोग अपने आप में ऎतिहासिक है।

खेल एवं खिलाड़ियों के हित में सरकार कर रही कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल एवं खिलाड़ियों के हित में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक अपने आप में एक अभिनव पहल है। लगभग 30 लाख खिलाड़ियों ने ग्रामीण ओलंपिक खेलों में पंजीकरण करवाया है तथा 2 लाख से अधिक टीमें बनाई गईं। राज्य सरकार की नीतियों से प्रदेश में एक नई खेल संस्कृति विकसित हो रही है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए पदक विजेताओं को सरकारी नौकरियों में 2 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में आउट-ऑफ-टर्न नियुक्तियां दी गई हैं। ओलम्पिक खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की सम्मान राशि बढ़ाकर 3 करोड़ रूपए तक कर दी गई है। खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता बढ़ाया गया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में उत्कृष्ट खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के निर्माण हेतु बजट, जमीन आवंटन, अभ्यास हेतु आवश्यक उपकरणों एवं सुविधाओं की उपलब्धता सरकार सुनिश्चित कर रही है। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम योजना के तहत राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में चरणबद्ध रूप से खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल से जुड़ने पर व्यक्ति की इच्छाशक्ति प्रबल होती है तथा उसकी तत्काल निर्णय लेने की क्षमता और दूरदर्शिता का विकास होता है।

स्वास्थ्य में राजस्थान बन रहा मॉडल स्टेट
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने आमजन को महंगे इलाज से मुक्ति दिलाने के लिए चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की है। इसके माध्यम से आमजन 10 लाख रूपए तक का निःशुल्क इलाज ले रहेे हैं। किडनी, हार्ट, लीवर ट्रांसप्लांट जैसे महंगे इलाज में 10 लाख की सीमा समाप्त कर दी गई है। साथ ही, 5 लाख रूपए तक का दुर्घटना बीमा भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के गांव-ढाणी स्तर तक चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए पीएचसी एवं सीएचसी स्तर तक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याण के लिए संचालित की जा रही इन योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार हो ताकि जानकारी के अभाव में कोई इनके लाभ से वंचित न रहे। राज्य सरकार द्वारा आईपीडी, ओपीडी में सभी प्रकार के उपचार निःशुल्क कर दिए गए हैं। प्रदेशवासियों की सिटी स्केन, एम.आर.आई. स्केन जैसी महंगी जांचें भी निःशुल्क की जा रही हैं। इन ऎतिहासिक निर्णयों से राज्य स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक मॉडल स्टेट के रूप में उभरा है। जल्द ही राज्य सरकार ‘राइट टू हेल्थ’ बिल भी लेकर आ रही है।

कृषक कल्याण के लिए समर्पित है सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के लिए अलग से बजट प्रस्तुत करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य है। किसानों के लिए बजट दोगुना कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश मेें किसान मित्र ऊर्जा योजना के माध्यम से लाखों किसानों का बिजली बिल शून्य हो गया है। कृषक साथी योजना की राशि 2 हजार करोड़ से बढ़ाकर 5 हजार करोड़ रूपए की गई है ताकि इसका लाभ अधिक से अधिक किसानों को मिल सके। इसी प्रकार 50 यूनिट बिजली निःशुल्क किए जाने के फैसले से करीब 45 लाख उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो गया है।

शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान अग्रणी
गहलोत ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों से शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान आज एक अग्रणी राज्य बनकर उभर रहा है। महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के द्वारा वंचित तबके के विद्यार्थी अंग्रेजी भाषा में उत्कृष्ट शिक्षा निःशुल्क प्राप्त कर रहे हैं। राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के माध्यम से राज्य सरकार ने 200 विद्यार्थियों के विदेश में निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करने का प्रावधान किया है। आज प्रदेश के अनेक विद्यार्थी लाभान्वित होकर विदेश में पढ़ाई कर रहे हैं। गरीब छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना लाई गई है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी राजस्थान लगातार प्रगति कर रहा है।
