टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का सड़क दुर्घटना में निधन
अहमदाबाद से मुंबई लौटते वक्त पालघर में हुआ हादसा
NCR Times Business Desk..टाटा समूह Tata Group के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) का निधन हो गया है। न्यूज एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक एक सड़क हादसे में साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) निधन हुआ है। यह सड़क हादसा मुंबई से सटे पालघर में हुआ। दुर्घटना के बाद साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
समाचार एजेंसी एएनआइ ने पालघर पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे तभी उनकी मर्सिडीज कार के डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक कार में 4 लोग मौजूद थे जिनमें से साइरस मिस्त्री समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। हादसा कासा थाना क्षेत्र के सूर्या नदी पुल पर हुआ। पुलिस अधकारी ने बताया कि यह सड़क हादसा दोपहर करीब 3.15 बजे हुआ।
रतन टाटा के 2012 में पद छोड़ने के बाद टाटा सन्स के चेयरमैन बने थे साईरस मिस्त्री
मालूम हो कि दिसंबर 2012 में रतन टाटा ने टाटा सन्स का चैयरमैन पद छोड़ दिया था। रतन टाटा के बाद साइरस मिस्त्री को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि चार साल के भीतर ही 24 अक्टूबर 2016 में उन्हें भी टाटा सन्स के चेयरमैन का पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद नए चैयरमैन के रूप में एन चंद्रशेखरन को जिम्मेदारी दी गई। बीते 28 जून को ही साइरस मिस्त्री के पिता पालोनजी मिस्त्री का 93 साल की उम्र में निधन हो गया था। साइरस मिस्त्री के निधन पर सियासी और उद्योग जगत की हस्तियों ने शोक संवेदना प्रकट की है। राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि दुखद समाचार… मेरे भाई साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है। इस आकस्मिक घटना पर विश्वास नहीं हो रहा।