राजस्थान के 27 जिलों में 137 सिंचाई परियोजनाओं का हो रहा पुनरूद्धार व नवीनीकरण
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राजस्थान जल क्षेत्र आजीविका सुधार परियोजना की तीसरी स्टीयरिंग कमेटी की बैठक
एनसीआर टाईम्स, जयपुर। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सोमवार को शासन सचिवालय स्थित जायका द्वारा वित्तपोषित राजस्थान जल क्षेत्र आजीविका सुधार परियोजना की तीसरी स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। मुख्य सचिव ऊषा शर्मा को जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता दिलीप जैन द्वारा पावर पांइट प्रजेटेशन के माध्यम से परियोजना की प्रगति के बारे में अवगत करते बताया कि राज्य के 27 जिलों में 137 सिंचाई परियोजना के पुनरूद्धार और नवीनीकरण का कार्य किया जा रहा है एवं परियोजना के अन्तर्गत स्टेज-1 मे 65 उप परियोजनाओं में विभिन्न गतिविधियों की प्रगति के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
मुख्य सचिव ने परियोजना के अन्तर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तृत चर्चा की एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेज-1 के तहत सिंचाई परियोजनाओं जिर्णोद्धार कार्यो को शीघ्र पूर्ण करावें। उन्हों ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को वित्तिय वर्ष-2022-23 के लक्ष्य के अनुरूप सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, उन्नत कृषि तकनीक एवं नेशनल हार्टिकल्चर मिशन (एन.एच.एम.) अन्तर्गत आजीविका संबंधित गतिविधियों के क्रियान्वयन के लिए निर्देशित किया।
मुख्य सचिव ने परियोजना के तहत महिलाओं हेतु प्रारंभ की गई पौधरोपण गतिविधि की सराहना करते हुए बताया कि इस वित्तिय वर्ष में राजस्थान जलक्षेत्र आजीविका द्वारा 1.73 लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।श्रीमती शर्मा ने परियोजना क्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों के प्रभाव का आकलन करने हेतु भी अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में राजस्व विभाग के प्रमुख शासन सचिव आनंद कुमार, प्रमुख शासन सचिव ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज अपर्णा अरोरा, प्रमुख शासन सचिव कृषि दिनेश कुमार, सचिव महिला बाल विकास दिनेश कुमार यादव सचिव वित्त एवं व्यय नरेश कुमार ठकराल सहित उच्चाधिकारी मौजूद थे।