जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ गुफा के पास बादल फ़टने से भायनक तबाही, दो श्रद्धालुओं की मौत, बचाव व राहत कार्य जारी
एनसीआर टाईम्स, जम्मू। जम्मू कश्मीर में शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बाबा अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ मेें फंसने से 2 लाेगों के मौत की खबर है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। फिलहाल बाबा बर्फानी के गुफा के पास सन्नाटा पसरा हुआ है। वहां अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। बादल फटने से वहां पर कुछ लंगरों को भी नुकसान पहुंचा है। बादल फटने से अमरनाथ धाम के कई लंगर प्रभावित हुए। घायलों को बचाने के लिए हेलिकाप्टर रवाना किया गया है। जम्मू कश्मीर में शुक्रवार तड़के से ही मौसम एकदम बदल गया है। प्रदेश के कई इलाकों में जोरदार वर्षा हुई। हालांकि जम्मू से अमरनाथ यात्रियों के जत्थे को रवाना कर दिया गया था, लेकिन रामबन में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन हो गया। इसके चलते हाईवे बंद हो गया। अमरनाथ यात्रियों के जत्थे को रामबन जिले के चंद्रकोट में रोक लिया गया। करीब पांच घंटे के बाद दोपहर में मलबा हटाने के बाद यहां से जत्थे को छोड़ा गया। दूसरी तरफ कश्मीर संभाग में भी कई जगहों पर अच्छी वर्षा हुई। शाम करीब साढ़े पांच बजे अमरनाथ गुफा के ऊपरी क्षेत्र में जोरदार धमाके के साथ बादल फटा। बादल फटने से वहां बहने वाली नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इस बाढ़ में गुफा के आसपास बने कुछ टेंट भी बह गए। इसमें पांच लोगों के भी बह जाने की खबर आ रही है। अभी कुछ ही देर पहले दो लोगों के शव बरामद हुए हैं। हालांकि उनकी पहचान अभी नहीं हुई है।
इस बारे में आईजीपी कश्मीर, विजय कुमार ने कहा कि पवित्र गुफा में कुछ लंगर और तंबू बादल फटने और अचानक बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। दो लोगों की मौत की सूचना है। पुलिस, एनडीआरएफ और एसएफ द्वारा बचाव अभियान जारी है। घायलों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया जा रहा है। स्थिति नियंत्रण में है।