कल दूसरी बार शादी के बंधन में बंधेंगे पंजाब के सीएम भगवंत मान
पंजाब के सीएम भगवंत मान गुरुवार को दूसरी बार चंडीगढ़ में शादी के बंधन में बंधेंगे। सूत्रों के मुताबिक शादी समारोह सादा होगा। इसमें आम आदमी पार्टी के प्रमुख व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के भी शामिल होने की उम्मीद है।
भगवंत का 2015 में पहली पत्नी से तलाक हो गया है और वह दोनों बच्चों के साथ अमेरिका में रहती है। अपने शपथ ग्रहण समारोह में बेटी व बेटे को देखकर भगवंत मान काफी भावुक हो गए। उन्होंने अपने दोनों बच्चों को गले से लगा दिया। दोनों बच्चे अमेरिका में पढ़ रहे हैं। वर्ष 2014 में जब भगवंत मान ने संगरूर से लोकसभा चुनाव लड़ा तब उनकी पहली पत्नी इंद्रप्रीत कौर उनका प्रचार करती भी नजर आई थी। हालांकि बाद में दोनों अलग हो गए। इंद्रप्रीत कौर दोनों बच्चों को लेकर अमेरिका चली गई।
भगवंत मान की होनेवाली पत्नी डा. गुरप्रीत कौर के बारे में पता चला है कि वह मूलरूप से हरियाणा के पिहोवा की रहनेवाली हैं, लेकिन यह भी पता चला है कि वह पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा में रहती हैं। उनके पिता इंद्रजीत सिंह नत पिहोवा खंड के गांव मदनपुर गांव के पूर्व सरपंच हैं। वह अब परिवार सहित पंजाब के मोहाली में रहते हैं।
डा. गुरप्रीत कौर अब पंजाब के राजपुरा में रहती हैं। जानकारी के अनुसार, डा. गुरप्रीत कौर तीन बहनें हैं। दो बड़ी बहनें यूएसए और आस्ट्रेलिया में रहती हैं। गुरप्रीत कौर के चाचा एडवोकेट गुरविंद्र जीत सिंह नत ने पिछले महीने ही आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। उन्होंने 1991 में पिहोवा विधानसभा से आजाद चुनाव लड़ा था। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा के भी नजदीकी थे। उन्होंने बाद में कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा था।